आंदोलन चार्टर/परिचय
विकिमीडिया आंदोलन एक अंतरराष्ट्रीय, सामाजिक-सांस्कृतिक आंदोलन है, जिसका मिशन पूरी दुनिया में निःशुल्क ज्ञान को लाना है। विकिमीडिया मूवमेंट चार्टर ("चार्टर") इस आंदोलन के साझा मिशन में सभी प्रतिभागियों के मूल्यों, अधिकारों, रिश्तों और पारस्परिक उत्तरदायित्वों को बताता है। यह चार्टर सभी व्यक्तिगत और संस्थागत प्रतिभागियों, आंदोलन संस्थाओं, परियोजनाओं, और आधिकारिक तौर पर विकिमीडिया आंदोलन से जुड़े ऑनलाइन और ऑफलाइन स्थानों पर लागू होता है।
विकिमीडिया आंदोलन और उसके मूल्यों को परिभाषित करके, चार्टर का लक्ष्य आंदोलन के हितधारकों के लिए एक-दूसरे के साथ सहयोग करना आसान बनाना है। यह इस प्रकार से सहायता करेगा:
- अपनेपन की भावना प्रदान करना,
- निःशुल्क ज्ञान के निरंतर सृजन और उपलब्धता को सुरक्षित करने के लिए विकास, विस्तार और भविष्य की संभावनाओं हेतु साझा रणनीति तैयार करना,
- दानदाताओं के अधिकारों और आंदोलन के वित्तीय हितों की रक्षा करना,
- निर्णय लेने में मार्गदर्शन करना, और
- आंदोलन के हितधारकों के बीच संघर्ष को कम करना।
संशोधन अनुभाग के अनुसार, आवश्यकता होने पर इस चार्टर में संशोधन किया जा सकता है।
मूल्य
विकिमीडिया आंदोलन, ज्ञान हेतु एक तथ्यात्मक, सत्यापन योग्य, मुक्त और समावेशी दृष्टिकोण को अपनाता है। यह उन साझा मूल्यों द्वारा निर्देशित होता है जो हमारे सभी कार्यों का मार्गदर्शन करते हैं। सभी निर्णयों को इन साझा मूल्यों को प्रतिबिंबित करने की आवश्यकता होती है। एक अभ्यास के रूप में, मूल मिशन को पूर्ण करने और विश्व स्तर पर विकिमीडिया प्रतिभागियों को सशक्त बनाने के लिए आंदोलन के लिए मूल्यों को संतुलित करना महत्वपूर्ण है।
मूल्यों में पहले ही सम्मिलित वे मूल्य हैं जो हमारी उत्पत्ति के समय से ही उपस्थित हैं, और वे उन मूल्यों तक विस्तारित हैं और जो हमारे भविष्य के लिए विकसित करने के लिए आवश्यक हैं। इन मूल्यों में ज्ञान के आदान-प्रदान को गहन सहयोगात्मक प्रयास के रूप में मान्यता दी गई है।
निःशुल्क ज्ञान
विकिमीडिया आंदोलन अपनी सभी सामग्री, अपने सभी सॉफ़्टवेयर और अपने सभी प्लेटफार्मों तक पहुँच साझा करने के लिए मुक्त लाइसेंसिंग का उपयोग करता है। इसमें कुछ बाहरी सामग्री भी विभिन्न लाइसेंसों के तहत सम्मिलित है। यह, मुक्त ज्ञान के क्षेत्र का विस्तार करके और ज्ञान को प्राप्त करने और साझा करने के नए और विकसित रूपों के साथ-साथ सामग्री की बढ़ती विविधता को एकीकृत करके, अपने मिशन को गहराई तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है।
स्वायत्तता
विकिमीडिया आंदोलन स्वतंत्र रूप से संचालित होने का प्रयास करता है, जो अपने मुक्त ज्ञान मिशन द्वारा निर्देशित है, और किसी पूर्वाग्रह या पक्षपात से बाधित नहीं है। आंदोलन वाणिज्यिक, राजनीतिक, अन्य मौद्रिक, या प्रचार के प्रभावों के कारणों से अपने मिशन से कोई भी समझौता नहीं करता है।
सहायकता और स्व-संगठन
विकिमीडिया आंदोलन अपने स्वयंसेवकों के आधार से प्रारम्भ करके सबसे तत्काल या सबसे कम संभव स्तर की भागीदारी को निर्णय सौंपता है। दुनिया भर में ऑनलाइन और ऑफलाइन समुदायों को आम तौर पर (सहायकता) सब्सिडियरी के सिद्धांत के माध्यम से अपने लिए निर्णय लेना चाहिए। स्व-शासन का समर्थन करना और स्वायत्त होने की क्षमता, दोनों वैश्विक आंदोलन मूल्यों के महत्वपूर्ण पहलू हैं।
भागीदारी
विकिमीडिया आंदोलन ज्ञान समानता के लिए आने वाली विविध चुनौतियों को पहचानता है जिनका कई मुक्त ज्ञान के समुदायों को सामना करना पड़ता है, और आंदोलन उन्हें ऐतिहासिक, सामाजिक, राजनीतिक और असमानता और गलत प्रतिनिधित्व के अन्य रूपों को दूर करने के लिए सशक्त बनाने का प्रयास करता हैं। आंदोलन ज्ञान में समानता को बढ़ावा देने और प्राप्त करने के लिए कई सक्रिय उपाय करता है, तथा शासन को विकेन्द्रीकृत कर और सामुदायिक सशक्तिकरण के माध्यम से संसाधनों का आवंटन करने के लिए प्रावधान स्थापित करता है।
समावेशिता
विकिमीडिया परियोजनाएँ कई भाषाओं में विकसित की गई हैं, जो विभिन्न क्षेत्रों और संस्कृतियों को दर्शाती हैं। आंदोलन के प्रतिभागियों की विविधता के प्रति पारस्परिक सम्मान ही सभी गतिविधियों का आधार है, और जिसे सुरक्षा और समावेश के प्रति समर्थन के उपायों के माध्यम से लागू किया जाता है। विकिमीडिया आंदोलन एक विविध साझा स्थान प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है, जहाँ हर कोई, जो मिशन और मूल्यों को साझा करता है, वह जन-केंद्रित दृष्टिकोण के अंतर्गत दूसरों के साथ भाग ले सकता है और सह-निर्माण कर सकता है। यह समावेशी स्थान विभिन्न विशेष आवश्यकताओं के लिए सहायक प्रौद्योगिकी के माध्यम से पहुँच को बढ़ावा देता है।
सुरक्षा
विकिमीडिया आंदोलन अपने प्रतिभागियों के हित, सुरक्षा और गोपनीयता को प्राथमिकता देता है। यह एक ऐसे सुरक्षित वातावरण को सुनिश्चित करता है जो ऑनलाइन सूचना पारिस्थितिकी तंत्र में मुक्त ज्ञान में भागीदारी के लिए आवश्यक विविधता, समावेश, समानता और साझेदारी को बढ़ावा देता हो। ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों स्थानों पर सुरक्षा सुनिश्चित करना इसकी प्राथमिकता है। इन प्राथमिकताओं को व्यापक आचार संहिता के कार्यान्वयन और प्रवर्तन के माध्यम से आगे बढ़ाया जाता है, और इन गतिविधियों का समर्थन करने हेतु आवश्यक संसाधनों में निवेश के माध्यम से इन्हें आगे बढ़ाया जाता है।
उत्तरदायित्व
विकिमीडिया आंदोलन, सामुदायिक नेतृत्व के माध्यम से स्वयं को उत्तात्दायी बनाए रखता है जैसा कि विकिमीडिया परियोजनाओं और आंदोलन के निकाय में दर्शाया गया है। इसे पारदर्शी निर्णय लेने, संवाद, सार्वजनिक सूचना, गतिविधियों की रिपोर्टिंग और देखभाल के दायित्व को बनाए रखने के माध्यम द्वारा कार्यान्वित किया जाता है।
लचीलापन
विकिमीडिया आंदोलन, नवाचार और प्रयोग के माध्यम से फलता-फूलता है, और एक निःशुल्क ज्ञान मंच क्या हो सकता है, इसके बारे में अपने दृष्टिकोण को लगातार नवीनीकृत करता रहता है। आंदोलन प्रभावी रणनीतियों और प्रथाओं को अपनाता है, और जहाँ संभव हो, उनका समर्थन करने और उन्हें चलाने के लिए एक सार्थक, मीट्रिक-आधारित साक्ष्य का उपयोग करता है।